चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत अलबेला गार्डन की सड़क इन दिनों बड़ी-बड़ी झाड़ियों से घिरी हुई है. सड़क के दोनों किनारों पर झाड़ियों के फैल जाने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है. खासकर इमली चौक के समीप स्थित घुमावदार सड़क पर झाड़ियों के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है. समय रहते इनकी कटाई और सफाई नहीं कराई गई, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.


सड़क के दोनों किनारों पर उगी झाड़ियों के कारण वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहनों को देखने में परेशानी हो रही है. घुमावदार मोड़ पर सामने से अचानक किसी वाहन के आ जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. इस मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालकों, राहगीरों और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है.

सड़क किनारे झाड़ियों का इस तरह फैलना कपाली नगर परिषद की साफ-सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है. स्थानीय लोगों के लिए इस मार्ग पर सुरक्षित आवागमन बेहद जरूरी है. वहीं, दुर्गा पूजा के दौरान क्षेत्र में लोगों की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए सड़क की सफाई और झाड़ियों की कटाई कराना और भी आवश्यक हो गया है.
अब सवाल यह उठता है कि कपाली नगर परिषद के संबंधित अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से कब लेंगे. क्या किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही सड़क किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराई जाएगी, या फिर समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
स्थानीय लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अलबेला गार्डन सड़क के दोनों किनारों पर उगी झाड़ियों की तत्काल कटाई, इमली चौक के समीप घुमावदार मोड़ की सफाई और आवश्यकता के अनुसार चेतावनी संकेत लगाने की जरूरत है, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके.
रिपोर्ट:अफरोज मलिक

