जमशेदपुर: झारखंड में पैरा योगासन खेल के प्रचार-प्रसार और दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में झारखंड पैरा योगासन स्पोर्ट्स प्रमोशन कमिटी ने के. प्रभाकर राव को कमिटी का संरक्षक (Patron) मनोनीत किया है. कमिटी के चेयरमैन सह कॉर्डिनेटर डॉ. रवि शंकर नेवार ने उनके मनोनयन की घोषणा की.


कमिटी के अनुसार के. प्रभाकर राव लंबे समय से खेल एवं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के ज्वाइंट सेक्रेटरी, पैरा बैडमिंटन ऑफ इंडिया के चेयरमैन, झारखंड बैडमिंटन एसोसिएशन के सेक्रेटरी तथा अखिल विश्व गायत्री परिवार, टाटानगर के मैनेजिंग ट्रस्टी के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
दिव्यांग खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने पर रहेगा जोर
डॉ. रवि शंकर नेवार ने कहा कि के. प्रभाकर राव के खेल क्षेत्र के अनुभव और संगठनात्मक क्षमता का लाभ पैरा योगासन को मिलेगा. उनके मार्गदर्शन से राज्य में पैरा योगासन के संगठनात्मक विस्तार के साथ दिव्यांग खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अधिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा. के. प्रभाकर राव ने मनोनयन के लिए आभार व्यक्त करते हुए पैरा योगासन के विकास और दिव्यांग खिलाड़ियों के हित में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया.
11 अक्टूबर को जमशेदपुर में राज्य स्तरीय चैंपियनशिप
प्रभाकर राव ने 11 अक्टूबर 2026 को मिथिला सांस्कृतिक परिषद, गोलमुरी, जमशेदपुर में आयोजित होने वाली द्वितीय राज्य स्तरीय पैरा योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों से प्रतियोगिता में सहभागिता एवं सहयोग की अपील की.
उनके मनोनयन पर योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष मनोज तिवारी, मुख्य राज्य सलाहकार विपिन पांडेय, सलाहकार सह पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुधा झा, राज्य सचिव चंदू कुमार, राज्य संयुक्त सचिव मलय कुमार डे, राज्य कोषाध्यक्ष प्रशांत सिंह, अर्जुन शर्मा, ललिता शर्मा, प्रज्ञा पारोमिता एवं लक्ष्मी साहू ने शुभकामनाएं दीं.

