रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित कांग्रेस के मंत्री एवं विधायकों ने मुलाकात की. इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने 17 अगस्त को झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की विशेष बैठक में छात्र हित में लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया.


कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार का यह निर्णय विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए लिया गया महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने सरकार की संवेदनशील पहल और युवाओं के हितों के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की.
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार जनहित और युवाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है. टीडीपीएल द्वारा आयोजित परीक्षाओं को रद्द करने के फैसले से प्रभावित विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी तथा उनके भविष्य को लेकर बनी अनिश्चितता दूर होगी.
युवाओं के हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता: सीएम
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांग्रेस नेताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य झारखंड के युवाओं और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करना है. युवाओं के भविष्य से जुड़े विषयों पर सरकार पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ निर्णय लेती रही है और आगे भी लेती रहेगी. मुलाकात के दौरान राज्य में चल रही विकास योजनाओं, जनहित और छात्र कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई.
ये नेता रहे मौजूद
मुख्यमंत्री से मिलने वालों में मंत्री इरफान अंसारी, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक कल्पना सोरेन, रामेश्वर उरांव, प्रदीप यादव, कुमार जयमंगल, राजेश कच्छप, रामचंद्र सिंह, नमन विक्सल कोनगाड़ी, भूषण बाड़ा और ममता देवी सहित अन्य नेता शामिल रहे.

