चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल थाना पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक की पहचान कृष्णा राणा उर्फ शेखर राणा के रूप में हुई है. उसकी उम्र करीब 22 वर्ष है और वह राम बहादुर राणा का पुत्र बताया गया है. वर्तमान में वह छायानगर, मानगो, थाना सीतारामडेरा, जिला पूर्वी सिंहभूम का रहने वाला है.



पुलिस के अनुसार शुक्रवार देर शाम चांडिल थाना क्षेत्र के भादुडीह स्थित एनएच-33 पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान पुलिस ने कृष्णा राणा को एक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा.

पूछताछ के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली. गिरफ्तार युवक की निशानदेही पर पुलिस ने एक अन्य चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की. मामले में चांडिल थाना कांड संख्या 106/26, दिनांक 07 अगस्त 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 317(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त कृष्णा राणा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है. थाना प्रभारी संतन तिवारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. वह करीब 10 दिन पहले ही ओलीडीह ओपी क्षेत्र में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले में करीब ढाई वर्ष जेल में रहने के बाद बाहर आया था. पुलिस के अनुसार जमशेदपुर के अन्य थानों में भी उसके खिलाफ मोटरसाइकिल चोरी से संबंधित मामले दर्ज हैं.
चांडिल पुलिस अब बरामद दोनों मोटरसाइकिलों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है और आरोपी के आपराधिक नेटवर्क तथा अन्य चोरी की घटनाओं में उसकी संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है.





