सरायकेला: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंगलवार को चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी ने पुलिस बल के साथ चांडिल बाजार क्षेत्र में पैदल गश्ती अभियान चलाया. इस दौरान बाजार क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और आम लोगों को ट्रैफिक नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया.


पैदल गश्ती के दौरान थाना प्रभारी ने दुकानदारों एवं व्यवसायियों से बातचीत कर सड़क और फुटपाथों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है. बाजार क्षेत्र में सुगम आवागमन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है.
थाना प्रभारी ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे अपनी दुकानों का सामान सड़क तक नहीं फैलाएं और सार्वजनिक मार्ग को अवरुद्ध न करें. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में अतिक्रमण करते पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.
इस दौरान पुलिस टीम ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा यातायात नियमों का अनुपालन करने की सलाह दी. साथ ही लोगों से सड़क पर सुरक्षित ढंग से वाहन चलाने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की गई.
पुलिस की इस कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया. बाजार क्षेत्र के लोगों का कहना है कि नियमित गश्ती और अतिक्रमण पर नियंत्रण से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी तथा आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून- व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे.

