चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत डोबो में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने डोबो पुलिया के समीप एक झोपड़ीनुमा दुकान में छापेमारी कर 3.093 किलो गांजा और 5 लाख 19 हजार 500 रुपये नगद बरामद किए. पुलिस ने मौके से पिता-पुत्र अशोक तुरहा और अभिजीत तुरहा को गिरफ्तार किया है.


चांडिल एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि डोबो पुलिया के समीप अशोक तुरहा और उसका पुत्र अभिजीत तुरहा झोपड़ीनुमा दुकान बनाकर गांजा की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने छापेमारी की रणनीति तैयार की. इसके बाद जमशेदपुर पुलिस और सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस की टीम ने कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में डोबो पुलिया के समीप स्थित दुकान में छापेमारी की. तलाशी के दौरान पुलिस को 3.093 किलो गांजा के अलावा 5 लाख 19 हजार 500 रुपये नगद मिले.
पुलिस ने मौके से गांजा की तौल और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, सील करने वाली मशीन, पैकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक, एक मोटरसाइकिल और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया. पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर लिया है.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों से गांजा की खरीद-बिक्री, सप्लाई और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की गई. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया जाता था और इसे किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जाता था. बरामद नगद राशि के स्रोत को लेकर भी जांच की जा रही है. पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया. न्यायालय के आदेश पर दोनों को न्यायिक हिरासत में सरायकेला जेल भेज दिया गया.
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद डोबो और आसपास के सीमावर्ती इलाकों में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप है. पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है. कपाली ओपी पुलिस ने कहा है कि गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उनके आसपास नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें. पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और प्राप्त सूचना के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. इस संयुक्त कार्रवाई में जमशेदपुर पुलिस के साथ सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस की टीम शामिल रही.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक

