गम्हरिया: टाटा स्टील के आवासीय कैंपस में मंगलवार शाम इवनिंग वॉक पर निकले एक आदिवासी युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित युवक की पहचान रोहित हेम्ब्रम के रूप में हुई है. उसके पिता टाटा स्टील में कार्यरत हैं और परिवार कंपनी द्वारा आवंटित क्वार्टर में रहता है.


परिजनों एवं आदिवासी समाज से जुड़े लोगों के अनुसार रोहित प्रतिदिन की तरह मंगलवार शाम कैंपस में टहलने निकला था. इसी दौरान कुछ युवक बाइक चला रहे थे. आरोप है कि बाइक से रोहित को धक्का लग गया. इस पर उसने युवकों से केवल इतना कहा कि बाइक ठीक से और संभालकर चलाएं.

बाहर से युवकों को बुलाकर मारपीट करने का आरोप
आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया. इसके बाद कुछ युवकों ने कैंपस के बाहर से अन्य लड़कों को बुलाया और रोहित के साथ मारपीट की. आरोप है कि उन युवकों ने रोहित को जबरन अग़वा करने का प्रयास किया और पैसे भी छीने. घटना के बाद परिजनों और समाज के लोगों को इसकी जानकारी मिली.
उनका कहना है कि कैंपस और प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं. ऐसे में फुटेज की जांच से यह स्पष्ट हो सकता है कि बाहर से कौन-कौन युवक कैंपस में दाखिल हुए और घटना के समय क्या हुआ. घटना के वक्त ड्यूटी पर मौजूद टाटा स्टील के सुरक्षा कर्मियों से भी मामले की जानकारी लेने की मांग की गई है.
फोन पर धमकी देने का भी आरोप
मामला यहीं नहीं थमा. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बुधवार को एक अज्ञात नंबर से फोन कर पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई. धमकी देने वाला कौन था और उसे पीड़ित का मोबाइल नंबर कैसे मिला, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है. आदिवासी समाज से जुड़े लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए मारपीट और कथित धमकी के मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल आरोपों की पुलिस अथवा टाटा स्टील प्रबंधन की ओर से आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है. पीड़ित पक्ष के आरोपों और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

