
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना परिसर में सोमवार शाम मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और विधि- व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता संयुक्त रूप से थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा, बीडीओ सोमनाथ उरांव और सीओ अनुज टेटे ने की.


बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मुखियाओं, शांति समिति के सदस्यों और क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लिया. अधिकारियों ने सभी से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मोहर्रम मनाने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा ने कहा कि मोहर्रम के दौरान सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट करने या हुड़दंग मचाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें.
बैठक में मोहर्रम जुलूस, सुरक्षा व्यवस्था, आपसी समन्वय और संवेदनशील स्थलों पर निगरानी को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई. प्रशासन ने कहा कि पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
बैठक में मनोज कुमार रजक, एसआई राजेश कुमार, एसआई घनश्याम केराई, अंचल उप निरीक्षक रंजन रिचर्ड किरो, मुखिया नूर हांसदा, शेख सौकात, अमरेश प्रधान, किशोर डाग, बसंत प्रधान, दशमती हेंब्रम, शेख कौशर, एम.डी. निसार, शेख इमरान, फिरदौस खान, सुलतान हक सहित शांति समिति के कई सदस्य उपस्थित रहे.
प्रशासन ने कहा कि सभी के सहयोग से मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा तथा किसी भी तरह की अव्यवस्था फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक






