गिरिडीह: जिले के जमुआ प्रखंड के दलिया स्थित विवादित पत्थर खदान में मंगलवार सुबह दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. देखते ही देखते विवाद मारपीट और गोलीबारी में तब्दील हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

मृतक की पहचान जमुआ थाना क्षेत्र के चचघरा निवासी सुरेश महतो के रूप में की गई है. जबकि घायलों में अरविंद वर्मा, सुगदेव महतो, रितलाल वर्मा, शिवम, साहिल और सोनू कुमार सहित कई अन्य शामिल हैं. सभी घायलों को पहले जमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
जानकारी के अनुसार, दलिया स्थित यह पत्थर खदान लंबे समय से विवादित रही है और कई वर्षों से बंद पड़ी थी. हाल ही में बिहार के नवादा जिले से आए एक संचालक ने कथित रूप से बाहरी लोगों की मदद से खदान का संचालन शुरू कर दिया था. जब स्थानीय ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी- डंडे, पत्थरबाजी और फायरिंग शुरू हो गई. गोलीबारी के दौरान एक व्यक्ति को पैर में गोली लगी, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए.
घटना की सूचना मिलते ही जमुआ थाना प्रभारी मणिकांत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया. थाना प्रभारी ने बताया कि घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है और गोली चलाने वालों की पहचान की जा रही है. फिलहाल पूरे क्षेत्र में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.
घटना के बाद दलिया और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
