
चाईबासा: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार सोनुआ पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की समीक्षा की. वन विश्रामागार में आयोजित बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि मतदाता सूची में किसी भी बांग्लादेशी का नाम शामिल नहीं होना चाहिए. साथ ही उन्होंने SIR प्रक्रिया पर सतर्क नजर रखने और बीएलओ को सहयोग करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न छूटे.


मरांडी ने कार्यकर्ताओं से क्षेत्र की समस्याओं से संबंधित लिखित आवेदन भी मांगे, ताकि उन्हें विधानसभा में उठाकर समाधान का प्रयास किया जा सके. उन्होंने कार्यकर्ताओं का हालचाल भी जाना और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया. सोनुआ पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. यहां से वह गोइलकेरा के लिए रवाना हुए.

बैठक के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाबूलाल मरांडी को एक ज्ञापन सौंपकर सोनुआ प्रखंड की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया. ज्ञापन में पनसुआं डैम से सिंचाई सुविधा शुरू कराने, अधूरी नल-जल योजना पूरी करने, जलकुंभी से भरे नांगलकाटा तालाब के जीर्णोद्धार, झड़गांव-चंडीपोस में अधूरी पुलिया का निर्माण, बालू की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन के लंबित भुगतान जैसी मांगें शामिल थीं.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक





