
चतरा: जिले के हंटरगंज अंचल कार्यालय के फर्जी हस्ताक्षर और सरकारी मोहर के कथित इस्तेमाल के मामले में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं पत्थर व्यवसायी श्रीनिवास को पुलिस ने गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. हंटरगंज थाना में अंचल निरीक्षक के आवेदन पर कांड संख्या 17/26 दर्ज किया गया था. आरोप है कि अंचल कार्यालय से संबंधित फर्जी दस्तावेज हाईकोर्ट में प्रस्तुत किया गया था. इसी मामले में पुलिस ने श्रीनिवास को रांची से गिरफ्तार कर चतरा न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें मंडल कारा भेज दिया गया.


गिरफ्तारी के बाद मीडिया से बातचीत में श्रीनिवास ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उन्हें एक सुनियोजित साजिश के तहत फंसाया गया है. उनका आरोप है कि हाल के महीनों में कथित भ्रष्टाचार और अवैध खनन के खिलाफ लगातार आवाज उठाने के कारण उन्हें निशाना बनाया गया. उन्होंने अपनी गिरफ्तारी को लोकतंत्र की हत्या बताते हुए कहा कि सच्चाई सामने आने पर पूरा मामला स्पष्ट हो जाएगा.
श्रीनिवास की गिरफ्तारी के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है. भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष आजादशत्रु ने भी कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि सामाजिक और राजनीतिक रूप से सक्रिय व्यक्ति के साथ अपराधी जैसा व्यवहार करना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने दावा किया कि इस गिरफ्तारी का विरोध प्रदेश स्तर पर देखने को मिलेगा.
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से श्रीनिवास जिला प्रशासन और खनन विभाग पर कथित भ्रष्टाचार तथा अवैध खनन को लेकर लगातार सवाल उठाते रहे हैं. हाल ही में उन्होंने जिला खनन पदाधिकारी पर फर्जी चालान के जरिए अवैध खनन कराने का आरोप लगाया था. वहीं सीआरपीएफ जवान की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद हुए आंदोलन में भी उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई थी और कोयला परिवहन पर रोक लगाने की मांग की थी. फिलहाल पुलिस मामले की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है, जबकि श्रीनिवास और उनके समर्थक कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बता रहे हैं.





