बोकारो/ Shubham Kumar मॉर्निंग वॉक के दौरान एक महिला की सड़क दुर्घटना में मौत हो जाने के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. घटना के बाद लोगों में प्रशासन के प्रति काफी आक्रोश देखा गया.

जानकारी के अनुसार सिटी थाना क्षेत्र के उक्रीद मोड़ के पास सोमवार सुबह शीला देवी (48) नामक महिला मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं. इसी दौरान एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि शीला देवी एलएच मोड़ क्षेत्र की रहने वाली थीं.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उक्रीद मोड़ से लेकर फोरलेन सड़क तक जाम कर दिया. प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद पुलिस घायल महिला को अस्पताल ले गई, जहां उनकी मौत हो गई, लेकिन इसके बावजूद घटनास्थल पर पुलिस के नहीं पहुंचने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई.
आक्रोशित लोग प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर डटे रहे और मृतक के परिजनों के लिए उचित मुआवजे की मांग की. लोगों का कहना है कि प्रशासन मौके पर पहुंचकर परिवार के प्रति संवेदनशीलता दिखाए और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करे. स्थानीय लोग घंटो सड़क जाम कर प्रशासन के आने का इंतजार करते रहे.

