बोकारो: जिले के चंदनक्यारी थाना क्षेत्र स्थित पावर सबस्टेशन में रविवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया. 10 से 12 नकाबपोश बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर कर्मचारियों को बंधक बनाकर उनके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और कमरे में बंद कर दिया. इसके बाद बदमाश सबस्टेशन से करीब 32 लाख रुपये मूल्य के कीमती विद्युत उपकरण लूटकर फरार हो गए.


जानकारी के अनुसार, देर रात मुंह पर कपड़ा बांधे 10 से 12 बदमाश पावर सबस्टेशन में घुस गए. उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों को हथियार के बल पर कब्जे में ले लिया. बदमाशों ने कर्मचारियों के हाथ-पैर बांधकर उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया, ताकि वे किसी को सूचना न दे सकें. इसके बाद आराम से सबस्टेशन में रखे महंगे उपकरण वाहन में लादकर फरार हो गए.
घटना का खुलासा सोमवार सुबह उस समय हुआ, जब एक कर्मचारी पूजा के लिए फूल तोड़ने सबस्टेशन पहुंचा. उसने मुख्य गेट खुला देखा और आवाज लगाई. अंदर से आवाज आने पर उसने कमरे का दरवाजा खोला, जहां कर्मचारी बंधे हुए मिले. इसके बाद तुरंत चंदनक्यारी थाना पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई.
सहायक विद्युत अभियंता नरेंद्र मिंज ने बताया कि बदमाश लगभग 32 लाख रुपये मूल्य के विद्युत उपकरण अपने साथ ले गए हैं. घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.
सूचना मिलते ही चंदनक्यारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

