जमशेदपुर: शहर में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से अवादा ग्रुप की ‘अवादा भारत उदय यात्रा’ पहुंची. कंपनी द्वारा चलाए जा रहे इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत लोगों को सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा, जल विद्युत और टिकाऊ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है.

जानकारी के अनुसार 8 मई 2026 को नोएडा से शुरू हुई यह यात्रा अब तक लगभग 1688 किलोमीटर का सफर तय कर चुकी है. खास तौर पर तैयार किए गए प्रचार वाहन के माध्यम से विभिन्न शहरों में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.

जमशेदपुर के बर्मामाइंस क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक, संवाद कार्यक्रम और डिजिटल ग्रीन प्लेज जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया. इसमें विद्यार्थियों, स्थानीय संस्थानों और आम नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया.
ग्रुप के चेयरमैन विनीत मित्तल ने कहा कि देश को स्वच्छ और आत्मनिर्भर ऊर्जा की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि यह अभियान अब जन-आंदोलन का रूप लेता जा रहा है और लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ रही है.
कंपनी के अनुसार अवादा ग्रुप का स्वच्छ ऊर्जा पोर्टफोलियो 17.7 गीगावॉट से अधिक हो चुका है. इसमें 7.2 गीगावॉट परियोजनाएं चालू हैं, जबकि 10.5 गीगावॉट से अधिक क्षमता की परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं. यात्रा अब आगे भुवनेश्वर के लिए रवाना होगी, जहां स्वच्छ ऊर्जा और सस्टेनेबल जीवनशैली को लेकर जागरूकता अभियान जारी रहेगा.



