जामताड़ा: जिले में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए शनिवार को विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा. उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर जिले के विभिन्न पंचायतों में वरीय पदाधिकारी पहुंचकर योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे.

जिला प्रशासन के अनुसार अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता लाना तथा आम लोगों तक योजनाओं का लाभ सही तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करना है. इसके तहत प्रखंडवार नामित अधिकारी पंचायत स्तर पर चल रही योजनाओं की जांच करेंगे.
निरीक्षण के दौरान पंचायत भवन, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान, पेयजलापूर्ति व्यवस्था, मनरेगा योजनाएं, आवास योजनाएं, स्वास्थ्य एवं उप स्वास्थ्य केंद्र, 15वें वित्त आयोग से जुड़े कार्य, कल्याण छात्रावास और प्रशिक्षण संस्थानों समेत अन्य विकास योजनाओं की समीक्षा की जाएगी.
अधिकारियों को निर्धारित प्रपत्र में जांच प्रतिवेदन जमा करने का निर्देश दिया गया है. पूरे अभियान की मॉनिटरिंग उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार द्वारा की जाएगी. साथ ही प्रत्येक शनिवार शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जांच कार्य की समीक्षा भी की जाएगी.
प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार जामताड़ा प्रखंड के सुपायडीह एवं रानीडीह पंचायत, नारायणपुर प्रखंड के देवलबाड़ी एवं बुटबेरिया पंचायत, करमाटांड़ (विद्यासागर) प्रखंड के कुरुवा पंचायत, नाला प्रखंड के बंदरडीहा पंचायत, फतेहपुर प्रखंड के बिंदापाथर पंचायत तथा कुंडहित प्रखंड के बनकाटी पंचायत में निरीक्षण किया जाएगा. प्रशासन का कहना है कि इस अभियान से योजनाओं के कार्यान्वयन में पारदर्शिता आएगी और आम लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



