आदित्यपुर: नगर निगम वार्ड संख्या 17 की पार्षद नीतू शर्मा ने वार्ड संख्या 34 निवासी दीपक कुमार सिन्हा को सरकारी योजना के तहत सहायक उपकरण के रूप में ई-रिक्शा प्रदान किया. इस दौरान भाजपा युवा नेता दीपक कुमार सिंह एवं दिव्यांग के परिजन भी मौजूद रहे.

बताया गया कि नीतू शर्मा ने अपने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर दिव्यांगजनों से संपर्क करने की अपील की थी. उन्होंने कहा था कि जो दिव्यांगजन सहायक उपकरण खरीदने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें सरकारी प्रावधान के तहत सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
इसी अपील के बाद भाजपा युवा नेता दीपक कुमार सिंह ने नीतू शर्मा से संपर्क किया. इसके बाद पार्षद ने बिना विलंब किए सरकारी योजना के तहत उन्हें ई-रिक्शा उपलब्ध कराया.
नीतू शर्मा ने कहा कि उन्हें खुशी है कि ईश्वर ने उन्हें जरूरतमंदों की सहायता करने योग्य बनाया. उन्होंने कहा कि जिस किसी दिव्यांग भाई-बहन को सहायक उपकरण की आवश्यकता हो, वे वैद्य प्रमाण के साथ उनसे संपर्क कर सकते हैं. हर संभव सहयोग करने का प्रयास किया जाएगा.
स्थानीय लोगों ने नीतू शर्मा के इस प्रयास की सराहना की है. बताया गया कि इससे पूर्व भी वे कई दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं के तहत सहायक उपकरण उपलब्ध करा चुकी हैं.



