आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai भारतीय कृष्ण भावनामृत संघ के तत्वावधान में राधा अष्टमी के पावन अवसर पर 30 और 31 अगस्त को दो दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजन होगा. कार्यक्रम की शुरुआत 30 अगस्त को दोपहर 1 बजे भव्य रथयात्रा के साथ होगी, जो सालडीह बस्ती हरि मंदिर और मांझी टोला हरि मंदिर से प्रारंभ होकर होटल नोवान्ता के पास एकत्र होगी. इसके बाद रथयात्रा आशियाना एस टाइप होते हुए पान दुकान मार्ग से गुजरती हुई एस टाइप दुर्गा पूजा मैदान पार्क में समाप्त होगी.

मुख्य आयोजन 31 अगस्त को प्रातः 10 बजे से एस टाइप दुर्गा पूजा मैदान पार्क में राधा अष्टमी महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा. इस अवसर पर एशिया एवं जर्मनी से आए कीर्तन मंडलियां भक्ति संगीत और प्रवचन प्रस्तुत करेंगी. समिति के मुख्य संरक्षक अमित सिंह बॉबी ने बताया कि इस आयोजन की शुरुआत शून्य से हुई थी और आज यह व्यापक रूप ले चुका है. उन्होंने कहा कि समिति पूर्णतः साफ- सुथरी और नशामुक्त है तथा इसमें वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी है.
संस्था से प्रारंभिक समय से जुड़े भगतू महतो ने आयोजन की विस्तृत जानकारी दी. वहीं, चंद्रावती महतो ने बताया कि हर वर्ष जन्माष्टमी के 15 दिन बाद राधाष्टमी का आयोजन होता है. संस्था के सभी सदस्य मांसाहार और नशे से दूर रहते हैं. इस अवसर पर इस्कॉन के द्वारका बलराम दास, रूपचंद्र दास, प्रकाश मेहता, सुभाष चंद्र गोराई, अंजली कुमारी चौधरी, कृष्ण मुरारी झा समेत कई गणमान्य उपस्थित रहेंगे. आयोजन को सफल बनाने हेतु प्रशासनिक सहयोग भी लिया जा रहा है.

