सरायकेला: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बोलायडीह शीतला मंदिर के निकट शनिवार दोपहर हुई 27 वर्षीय जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रेम नायक को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि, पुलिस की ओर से गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है.


रविवार को बड़ी संख्या में गोप समुदाय के लोग और स्थानीय ग्रामीण आदित्यपुर थाना पहुंचे. उन्होंने हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा मृतक के मासूम बच्चों के पालन-पोषण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की.
बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर चार से पांच लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर जगन्नाथ गोप की निर्मम हत्या कर दी थी. वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे.
मृतक के भाई सोनू गोप ने आरोप लगाया कि शिवम प्रामाणिक, शिबू और गणेश ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया, जबकि प्रेम नायक जगन्नाथ को घर से बुलाकर अपने साथ ले गया था, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई.
इस हत्याकांड से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मृतक की पत्नी पार्वती गोप का करीब डेढ़ वर्ष पहले ही निधन हो चुका था. अब उनके पीछे आठ वर्षीय पुत्र रीतेश गोप और दो वर्षीय पुत्री रेशमी गोप रह गए हैं, जिनके सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ चुका है.
थाना पहुंचे लोगों ने प्रशासन से सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कड़ी सजा दिलाने तथा अनाथ हुए दोनों बच्चों के भरण-पोषण, शिक्षा और भविष्य की जिम्मेदारी सरकार द्वारा उठाने की मांग की. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.





