जामताड़ा: JFWC परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों अभ्यर्थियों की संभावित भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने विशेष परिचालन व्यवस्था लागू की है. परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने तथा स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित रखने के उद्देश्य से 19 जुलाई को दो विशेष परीक्षा ट्रेनें चलाने और कुछ महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव देने का निर्णय लिया गया है.


रेलवे द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पहली परीक्षा विशेष मेमू ट्रेन जसीडीह से दुमका के बीच संचालित होगी. यह ट्रेन सुबह 5:00 बजे जसीडीह से प्रस्थान कर देवघर, मोहनपुर, सिरसा नुनथर, घोरमारा, धनपतडीह, चंदनपहाड़ी, बासुकीनाथ और जामा स्टेशन पर ठहरते हुए सुबह 6:45 बजे दुमका पहुंचेगी. वापसी में यही ट्रेन शाम 6:30 बजे दुमका से रवाना होकर सभी निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए रात 8:00 बजे जसीडीह पहुंचेगी.
इसके अतिरिक्त मधुपुर से गिरिडीह के बीच भी एक विशेष परीक्षा ट्रेन चलाई जाएगी. यह ट्रेन शाम 6:30 बजे मधुपुर से प्रस्थान कर नवाब मोड़, सुगापहाड़ी, जगदीशपुर, के.बी. सहाय हॉल्ट तथा महेशमुंडा स्टेशन पर ठहरते हुए शाम 7:30 बजे गिरिडीह पहुंचेगी.
यात्रियों एवं परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रांची–गोड्डा–रांची एक्सप्रेस (18619/18620) को 19 जुलाई के लिए मोहनपुर स्टेशन पर विशेष ठहराव दिया गया है. वहीं सियालदह–बलिया–सियालदह एक्सप्रेस (13105/13106) तथा कोलकाता–गोरखपुर एक्सप्रेस (15049) का जामताड़ा स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव सुनिश्चित किया गया है.
आसनसोल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) की स्वीकृति के बाद यह व्यवस्था लागू की गई है. रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि परीक्षा के दौरान स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन, यात्रियों की सुरक्षा तथा निर्बाध रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





