सरायकेला: खरसावां महिला फुटबॉल अकादमी के लिए रविवार को सरायकेला स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में चयन शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में कोल्हान क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से पहुंचीं 95 महिला खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. चयन प्रक्रिया के बाद 40 खिलाड़ियों का अकादमी के लिए चयन किया गया.


चयन शिविर का शुभारंभ जिला ओलंपिक संघ के सचिव सिकंदर महतो, जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव मोहम्मद दिलदार तथा पिनाकी रंजन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया.
इस अवसर पर जिला ओलंपिक संघ के सचिव सिकंदर महतो ने कहा कि बड़ी संख्या में महिला खिलाड़ियों की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि कोल्हान क्षेत्र में फुटबॉल के प्रति युवतियों का रुझान लगातार बढ़ रहा है. उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं.
उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद खरसावां महिला फुटबॉल अकादमी की अंतिम सूची जारी की जाएगी. अकादमी में चयनित खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण दिया जाएगा. साथ ही उन्हें जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर भी मिलेगा, जिससे वे अपने खेल कौशल को और बेहतर बना सकेंगी.
चयन शिविर को सफल बनाने में फुटबॉल विशेषज्ञ पोलूस नाग, विजय दिग्गी सहित अन्य प्रशिक्षकों एवं खेल विशेषज्ञों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. शिविर के दौरान खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिससे चयन प्रक्रिया काफी प्रतिस्पर्धी रही.
प्रमोद सिंह (संपादक)





