
आदित्यपुर: थाना क्षेत्र के बास्कोनगर से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हुई तीन नाबालिग बच्चियों को सरायकेला- खरसावां पुलिस ने पश्चिमी सिंहभूम से सकुशल बरामद कर लिया है. पुलिस अधीक्षक मनोज स्वार्गियारी के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की त्वरित कार्रवाई से बच्चियों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया गया. इस सफल अभियान के लिए परिजनों ने पुलिस की सराहना की है.


पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुरुवार को तीनों बच्चियों को उनके परिजनों को सौंप दिया. पूरे अभियान का नेतृत्व आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह के निर्देशन में किया गया. तलाशी अभियान में सब इंस्पेक्टर विश्वजीत तिवारी और जेएसआई शिव प्रकाश सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
जानकारी के अनुसार, बास्कोनगर की चार नाबालिग लड़कियां 13 जुलाई को घूमने के लिए रूंगटा पार्क जाने की बात कहकर घर से निकली थीं. इनमें से एक लड़की मंगलवार दोपहर सकुशल घर लौट आई थी, जबकि तीन अन्य लापता हो गई थीं. तीनों के पास मोबाइल फोन भी नहीं था, जिससे उनकी तलाश चुनौतीपूर्ण हो गई थी.
पुलिस ने परिजनों के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार तकनीकी और मानवीय स्तर पर खोजबीन जारी रखी. इसी प्रयास के तहत तीनों बच्चियों को पश्चिमी सिंहभूम से सकुशल बरामद कर लिया गया. बताया जा रहा है कि तीनों बच्चियों रास्ता भटक कर दूसरे गांव पहुंच गई थी. ग्रामीणों ने तीनों बच्चियों को सुरक्षित रखा था. जैसे ही बच्चियों की तलाश में पुलिस उधर पहुंची ग्रामीणों ने हुलिया के अनुसार पुलिस को बच्चियों के सुरक्षित होने की जानकारी दी. लापता बच्चियों की पहचान शांति सामड (14 वर्ष), अनुष्का गगराई (15 वर्ष) और सिमरन जोजो (14 वर्ष) के रूप में हुई है.





