
सरायकेला: भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सरायकेला- खरसावां पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. गुरुवार को पुलिस अधीक्षक मनोज स्वार्गियारी ने स्वयं रथ यात्रा मार्ग, श्री जगन्नाथ मंदिर एवं मेला परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए.


निरीक्षण के दौरान एसपी ने रथ यात्रा मार्ग, संवेदनशील स्थलों, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक व्यवस्था तथा पुलिस बल की तैनाती की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं.
रूट निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने मंदिर प्रबंधन एवं पुलिस अधिकारियों के साथ विधि- व्यवस्था को लेकर चर्चा की. उन्होंने निर्देश दिया कि दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए. भीड़ नियंत्रण, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां दुरुस्त रखी जाएं.
इसके बाद एसपी ने मेला परिसर का भी निरीक्षण किया और सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार को मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. इस दौरान पुलिस अधीक्षक मनोज स्वार्गियारी ने शरारती तत्वों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि रथ यात्रा आस्था, संस्कृति और भाईचारे का पर्व है. इसमें छेड़खानी, हुड़दंग, जेबकतरी, अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि पुलिस चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगी और कानून हाथ में लेने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी.
एसपी ने बताया कि रथ यात्रा के दौरान सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी. सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य माध्यमों से लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके. उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन का सहयोग करने, अफवाहों से बचने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की. निरीक्षण के दौरान सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे.
प्रमोद सिंह (संपादक)





