आदित्यपुर: नगर निगम क्षेत्र में विकास योजनाओं की रफ्तार पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. वार्ड संख्या 34 के बाबाकुटी स्थित रोड नंबर एस-2 में पक्की नाली और ब्रांच रोड निर्माण का टेंडर एवं एग्रीमेंट होने के करीब पांच महीने बाद भी काम शुरू नहीं हो सका है. जर्जर नाले और बदहाल सड़क से परेशान स्थानीय लोगों के बुलावे पर शुक्रवार को आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.


स्थानीय लोगों ने बताया कि नाली और सड़क की बदहाली के कारण उन्हें लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. निर्माण कार्य की निविदा प्रक्रिया पूरी होने और संवेदक के साथ एकरारनामा होने के बावजूद काम धरातल पर नहीं उतर सका है. इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.
मौके से अधिकारियों को लगाया फोन, दुर्गा पूजा से पहले काम शुरू कराने की मांग
स्थानीय लोगों की शिकायत सुनने के बाद पुरेंद्र नारायण सिंह ने मौके से ही नगर निगम के प्रशासक और संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत की. उन्होंने लंबित निर्माण कार्य पर नाराजगी जताते हुए दुर्गा पूजा से पहले काम शुरू कराने की मांग की. इस दौरान नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि संबंधित संवेदक को बुलाया गया है और जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा. पुरेंद्र नारायण सिंह के अनुसार प्रशासक ने भी उन्हें आश्वस्त किया है कि दुर्गा पूजा के दौरान हर हाल में निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा.
टेंडर और एग्रीमेंट के बाद भी काम नहीं होना हास्यास्पद : पुरेंद्र
पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि टेंडर और एग्रीमेंट की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद पांच महीने तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होना बेहद हास्यास्पद है. इसे विभागीय विफलता के रूप में देखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि जब किसी योजना की प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, तो उसके क्रियान्वयन में इतनी देरी क्यों हो रही है? इसका जवाब संबंधित अधिकारियों को देना चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आश्वासन के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की जाएगी.
इन दो योजनाओं का निर्माण कार्य है लंबित
वार्ड संख्या 34 के रोड नंबर एस-2 में दो महत्वपूर्ण निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं.
• पक्की नाली निर्माण: नंदलाल पंडित के घर से सिया शरण झा के घर तक.
• पेवर्स ब्लॉक सड़क एवं ह्यूम पाइप नाला निर्माण: रामसागर सिंह कुशवाहा के घर से राम सुरेश शर्मा के घर तक.
दोनों कार्यों के लिए टेंडर और संवेदक के साथ एग्रीमेंट की प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी दी गई है. इसके बावजूद निर्माण शुरू नहीं होने से स्थानीय लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है.
अब आश्वासन नहीं, धरातल पर काम चाहते हैं लोग
नगर निगम का वर्तमान कार्यकाल शुरू होने के बाद भी लंबित योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं होने से स्थानीय लोगों में असंतोष है. लोगों का कहना है कि सड़क और नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए महीनों इंतजार करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने समस्या को अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए पुरेंद्र नारायण सिंह के प्रयास की सराहना की. अब सवाल यह है कि टेंडर और एग्रीमेंट के बाद पांच महीने से अटकी योजना आखिर कब धरातल पर उतरेगी ? नगर निगम प्रशासन के आश्वासन के बाद लोगों की निगाहें निर्माण कार्य शुरू होने पर टिकी हैं.

