आदित्यपुर: मजदूर नेता सुनील गोराई ने अपने समर्थकों के साथ झारखंड श्रमिक संघ के केंद्रीय संयुक्त महासचिव शैलेंद्र मैथी से मुलाकात की. इस दौरान आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरों की वर्तमान समस्याओं सहित मजदूर हित में पूर्व में किए गए संघर्ष और अनुभवों को लेकर दोनों नेताओं के बीच विस्तृत चर्चा हुई.


मुलाकात के दौरान वर्तमान औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरों के समक्ष उत्पन्न चुनौतियों, उनके अधिकारों और मजदूर हित में आगे की रणनीति को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया. दोनों नेताओं के बीच हुई वार्ता को सकारात्मक बताया जा रहा है.
बताया जा रहा है कि मजदूरों के हित में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सुनील गोराई जल्द ही शैलेंद्र मैथी के नेतृत्व वाले झारखंड श्रमिक संघ से जुड़ सकते हैं. हालांकि, संगठन में शामिल होने को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.
गौरतलब है कि सुनील गोराई लंबे समय से आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरों से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रिय रहे हैं. वहीं, शैलेंद्र मैथी झारखंड श्रमिक संघ के माध्यम से मजदूरों के अधिकार और हित से जुड़े मामलों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं. ऐसे में दोनों नेताओं की मुलाकात को औद्योगिक क्षेत्र की मजदूर राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

