गिरिडीह: बगोदर- सरिया रोड स्थित मोबाइल टावर से चार AZNA मशीन समेत अन्य तकनीकी उपकरणों की चोरी के मामले में बगोदर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी की एक AZNA मशीन, चार एलन-की औजार, ग्लब्स, सिम कार्ड और मोबाइल फोन बरामद किया है. चोरी में इस्तेमाल की गई काले रंग की स्कॉर्पियो को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है.


जानकारी के अनुसार, 19 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे नहर के पास स्थित मोबाइल टावर से चार AZNA मशीन समेत अन्य तकनीकी उपकरण चोरी हो गए थे. टावर के तकनीशियन धीरेन्द्र कुमार की जांच के बाद 21 अगस्त को बगोदर थाना में कांड संख्या 164/26 दर्ज कराया गया. मामले में BNS की धारा 305/324(4)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई.
एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ बगोदर-सरिया धनंजय राम के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया. टीम द्वारा जिले के मोबाइल टावरों पर निगरानी बढ़ाते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी.
इसी क्रम में 23 अगस्त की रात करीब 12:10 बजे पुलिस ने बगोदरडीह ओवरब्रिज के पास एक स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली. वाहन में सवार छोटू यादव और आनंद रवानी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान दोनों ने चार लोगों के साथ मिलकर मोबाइल टावर से मशीन खोलकर चोरी करने की बात स्वीकार की.
पुलिस को देखकर गिरोह के दो अन्य सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर खेत की ओर भाग निकले. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी किए गए उपकरणों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है.

