चांडिल: अनुमंडल के ईचागढ़ प्रखंड के पातकुम स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में रविवार को स्वस्तिक फार्मा की ओर से एक दिवसीय नि:शुल्क दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के दांतों की नि:शुल्क जांच की गई. चिकित्सकों ने दंत संबंधी समस्याओं की जानकारी देते हुए उचित परामर्श दिया. जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवा भी उपलब्ध कराई गई.


शिविर के दौरान चिकित्सकों ने ग्रामीणों को दांतों की नियमित सफाई, खान-पान में सावधानी और दंत रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया. चिकित्सकों ने कहा कि दांतों की समस्या को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर जांच और उपचार कराना जरूरी है. ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के निशुल्क चिकित्सा शिविर से लोगों को काफी लाभ मिलता है. इस अवसर पर डॉ. दीपक कुमार, डॉ. सोनाली बनर्जी, डॉ. मयंक भारद्वाज, डॉ. भुवन महतो, डॉ. अंश प्रकाश, जितेंद्र गोराई आदि उपस्थित थे.

