आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai इंडिया न्यूज वायरल पर खबर चलते ही नगर निगम प्रशासन हरकत में आया. प्रशासन की टीम ने सोमवार को वार्ड 10 के विद्युत नगर पहुंचकर हालात का जायजा लिया. टीम में शामिल सत्यम भारद्वाज ने बताया कि बारिश से कई लोगों के मिट्टी के घर टूट गए हैं. प्रभावितों को सामुदायिक भवन में शिफ्ट होने को कहा गया है. कुछ लोग सामुदायिक भवन में जा रहे हैं जबकि कुछ लोग पास में ही रह रहे हैं. वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी गई है और आगे के निर्देश का इंतजार है.

क्या है पूरा मामला
दरअसल आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 10 विद्युत नगर में बीती रात हुई भारी बारिश ने तबाही मचा दी. करीब 17 परिवारों के मिट्टी से बने घर पूरी तरह से ढह गए. कई अन्य घरों में भी आंशिक क्षति पहुंची है. अचानक आई इस आपदा से गरीब परिवारों के सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है.
बारिश से हुए नुकसान की सूचना मिलते ही झारखंड आदिवासी संगठन के महासचिव रविंद्र बास्के ने इलाके का दौरा किया. उन्होंने टूटे हुए घरों का मुआयना किया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की. इस दौरान ग्रामीणों के साथ एक बैठक भी की. बैठक में तय किया गया कि मंगलवार को गम्हरिया प्रखंड कार्यालय में पीड़ित परिवारों की समस्या समाधान के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा. रविंद्र बास्के ने कहा कि प्रशासन को जल्द से जल्द पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजा और पुनर्वास की व्यवस्था करनी चाहिए ताकि उनका जीवन सामान्य हो सके. इस बीच खबर प्रकाशित होते ही नगर निगम सक्रिय हुआ और प्रभावितों के हालात का जायजा लिया.

