आदित्यपुर: श्री श्री हनुमान मंदिर पूजा समिति, रोड नंबर 18, आदित्यपुर-2 में सूर्य उपासना का पावन पर्व छठ महापर्व हर्षोल्लास और आस्था के माहौल में मनाया गया. चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में श्रद्धालुओं ने सूर्य देव और छठी मइया की उपासना कर परिवार की सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की.

समिति की ओर से व्रतियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी. पूजा समिति ने मिट्टी के चूल्हे, फल और राशन का वितरण किया. साथ ही जेसीबी से मंदिर प्रांगण में ही तालाब खुदवाया गया ताकि श्रद्धालु सुरक्षित रूप से अर्घ्य दे सकें.
संध्या अर्घ्य के दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. महिला व्रतियों ने निर्जला उपवास रखते हुए संध्या और उषा अर्घ्य देकर विधिवत पूजा-अर्चना की. पहले दिन नहाय-खाय से पर्व की शुरुआत हुई. दूसरे दिन खरना की रस्म में व्रतियों ने गुड़ और चावल की खीर बनाकर प्रसाद ग्रहण किया. तीसरे दिन संध्या अर्घ्य पर श्रद्धालु अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचे. चारों ओर छठी मइया के गीतों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा. अंतिम दिन प्रातःकालीन अर्घ्य के साथ व्रत संपन्न हुआ.
समिति द्वारा ऊषा अर्घ्य के दिन व्रतियों के लिए चाय और नारियल पानी का वितरण किया गया. इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और एक-दूसरे को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं.
मौके पर समिति के दशरथ उपाध्याय, भगवान सिंह, अवध बिहारी सिंह, कृष्णा पांडे, रवि सिंह, विनय गिरी, रेखा भारती, रॉकी, सुमित, संजय, हरि, विक्की, मनीष समेत सभी सदस्य मौजूद थे.

