चांडिल/कपाली: आगामी पूजा एवं त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता संबंधी अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए जिला खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है. इसी क्रम में शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने डोबो-कपाली स्थित देव होटल एवं पांडेय होटल में औचक निरीक्षण किया.


निरीक्षण के दौरान टीम ने दोनों होटलों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, उनके भंडारण, रसोईघर की साफ-सफाई तथा फ्रीज एवं फ्रीजर की स्वच्छता की जांच की. जांच के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की कमी पाई गई. रसोईघर के साथ-साथ फ्रीज और फ्रीजर की समुचित सफाई नहीं होने की बात भी सामने आई. इसके अलावा बिना वैध लाइसेंस वाले कश्मीरी मिर्च पाउडर एवं अन्य मसाले भी पाए गए.
वहीं, पांडेय होटल में जांच के दौरान एक्सपायरी पापड़ मिलने पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी की उपस्थिति में उसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया. विभागीय टीम ने होटल संचालकों एवं खाद्य सामग्री संभालने वाले कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, मेडिकल फिटनेस रिकॉर्ड तथा पेयजल की गुणवत्ता से संबंधित जल परीक्षण रिपोर्ट की भी जांच की.
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने दोनों होटल संचालकों को खाद्य सामग्री की खरीद एवं भंडारण से संबंधित आवश्यक दस्तावेज व्यवस्थित रखने, खाद्य सुरक्षा लाइसेंस एवं पंजीकरण प्रमाणपत्र को प्रतिष्ठान में प्रदर्शित करने तथा रसोईघर एवं भंडारण स्थल में साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया. साथ ही निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को अविलंब दूर करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी पूजा एवं त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. इसके लिए जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में नियमित एवं औचक जांच अभियान जारी रहेगा. मिलावट, एक्सपायरी खाद्य सामग्री के उपयोग या बिक्री तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

