सरायकेला: आदित्यपुर क्षेत्र के कुछ होटलों में कथित अनैतिक एवं अवैध गतिविधियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद शनिवार को आदित्यपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की. पुलिस के बाइक दस्ते ने गुप्त सूचना के आधार पर टाटा- कांड्रा रोड श्रीडूंगरी स्थित Hotel O OXY QUEEN PALACE और NIT मोड़ स्थित Hotel Subheksha में औचक छापेमारी की.


आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम के होटल परिसर में पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. कई युवक-युवतियों ने वहां से निकलने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस ने रोककर पूछताछ और सत्यापन किया.
करीब 40 से 50 युवक- युवतियों का सत्यापन
थाना प्रभारी के अनुसार दोनों होटलों में करीब 40 से 50 महिला-पुरुष एवं युवक-युवतियां मिले. पुलिस ने उनकी पहचान और होटल में ठहरने से संबंधित जानकारी का सत्यापन किया. पूछताछ और आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के बाद उन्हें कड़ी हिदायत देकर छोड़ दिया गया. पुलिस ने होटल संचालकों को भी थाने लाकर पूछताछ की और होटल संचालन से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी.
Downtown में नहीं मिला कुछ संदिग्ध
अभियान के दौरान Sarita Complex स्थित Hotel Downtown की भी जांच की गई. थाना प्रभारी के अनुसार यहां कमरों की जांच में कोई आपत्तिजनक अथवा संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.
थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी. शिकायत अथवा सूचना मिलने पर संदिग्ध होटलों की जांच और छापेमारी आगे भी जारी रहेगी.

