चांडिल/कपाली: सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बुरुहातु गांव निवासी 57 वर्षीय वासुदेव साहू की तमोलिया स्थित ब्रह्मानंद अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. उन्हें गंभीर हार्ट अटैक के बाद अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी की. परिजनों के अनुसार, प्रक्रिया पूरी होने के करीब आधे घंटे बाद चिकित्सकों ने उनकी मौत की सूचना दी. घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया.


मृतक के पुत्र बिकेश साहू ने बताया कि उनके पिता स्वयं चलकर अस्पताल पहुंचे थे और शुरुआती जांच भी कराई थी. उनका आरोप है कि अस्पताल में भर्ती कराने से पहले ढाई लाख रुपये जमा करने को कहा गया. उन्होंने दो किस्तों में कुल दो लाख रुपये जमा किए, जिसके बाद इलाज शुरू किया गया.

उधर घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता खगेन महतो, आकाश महतो तथा समाजसेवी नवीन कुमार गुप्ता और गुरुचरण साहू अस्पताल पहुंचे. उन्होंने प्रबंधन से बातचीत कर परिजनों की शिकायतें रखीं. खगेन महतो ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और किसी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर जवाबदेही तय करने की बात कही.

परिजनों के अनुसार, बातचीत के दौरान अस्पताल प्रबंधन की ओर से आगामी बुधवार को एक लाख रुपये वापस करने का आश्वासन दिया गया. इसके बाद परिजन शव लेकर गांव लौट गए. हालांकि, इलाज में लापरवाही और भुगतान के कारण उपचार में देरी होने के आरोपों पर अस्पताल प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष लेने का प्रयास किया गया मगर प्रबंधन के अधिकारी मिडिया के सवालों से बचते नजर आए. ऐसे में मरीज की मौत किन चिकित्सकीय परिस्थितियों में हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

