सरायकेला: जिले के कांड्रा- चौका सीमा स्थित लखना सिंह घाटी में शनिवार को तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई. हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीसरा युवक बाइक लेकर मौके से फरार हो गया.


घटना के दौरान वहां से गुजर रहे जेएलकेएम नेता व ईचागढ़ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी तरुण महतो ने तत्काल कांड्रा और चौका थाना पुलिस के साथ जेआरडीसीएल को सूचना दी. आरोप है कि करीब आधे घंटे तक घायल सड़क पर तड़पते रहे, जिसके बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची. तरुण महतो ने खुद घायलों को एंबुलेंस में लादकर ऑक्सीजन सपोर्ट के साथ टीएमएच ले जाने का निर्देश दिया.
उन्होंने सड़क एंबुलेंस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि गिद्दीबेड़ा टोल प्लाजा घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर है, फिर भी घायलों को समय पर मदद नहीं मिल सकी.
बताया गया कि बाइक संख्या JH 01GJ- 3998 पर तीन युवक कांड्रा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे थे. इसी दौरान बाइक डिवाइडर से टकरा गई. घायलों में एक की पहचान तिरुलडीह थाना क्षेत्र के डाटम निवासी ठाकुर दास सिंह मुंडा के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की पहचान नहीं हो सकी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. दोनों थानों की पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

