जामताड़ा: नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुरलीपहाड़ी स्थित फ्लिपकार्ट गोदाम में शुक्रवार की रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. शातिर चोर गोदाम के पिछले गेट पर सेंधमारी कर अंदर दाखिल हुए और वहां रखे 10 से अधिक मोबाइल फोन, काउंटर में रखे करीब एक लाख रुपये नकद समेत अन्य महंगे सामान लेकर फरार हो गए. चोरी गए मोबाइल में रेडमी, ओप्पो, मोटोरोला सहित विभिन्न कंपनियों के फोन शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.


घटना के संबंध में गोदाम के ऑफिस इंचार्ज कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि कर्मचारी शनिवार की सुबह करीब सात से साढ़े सात बजे के बीच गोदाम पहुंचे तो वहां की लाइट बंद मिली, जबकि सामान्य दिनों में लाइट बंद नहीं रहती है. संदेह होने पर सीसीटीवी कैमरे के डीबीआर की जांच की गई तो वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त मिला. इसके बाद गोदाम के पिछले गेट की ओर नजर गई तो वहां सेंधमारी के निशान मिले. चोरों ने सेंधमारी वाले स्थान को बोरा डालकर ढक दिया था.
कुंदन कुमार सिंह के अनुसार, चोरों ने अधिकांश मोबाइल फोन पैकेट से निकालकर चोरी किए हैं. गोदाम के काउंटर में रखे करीब एक लाख रुपये नकद भी गायब मिले. उन्होंने बताया कि गोदाम को शुक्रवार की रात करीब 11 बजे बंद किया गया था. इसके बाद शनिवार की सुबह चोरी की जानकारी मिली. घटना का पता चलने पर आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी गई और डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी गई. सूचना पर सबसे पहले मुरलीपहाड़ी टीओपी की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. टीओपी पुलिस ने मामले की जानकारी नारायणपुर थाना को दी. करीब एक घंटे बाद नारायणपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की.
सीसीटीवी का डीबीआर भी नहीं छोड़ा
चोरी की इस वारदात में अपराधियों ने सीसीटीवी कैमरों के डीबीआर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, ताकि उनकी गतिविधियों का फुटेज पुलिस के हाथ नहीं लग सके. वहीं, पिछले दरवाजे पर सेंधमारी कर उसे बोरे से ढकने से चोरों द्वारा साक्ष्य छिपाने की कोशिश की आशंका जताई जा रही है. इस संबंध में नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि अभी तक पीड़ित की ओर से थाना में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

