बोकारो: सिटी थाना क्षेत्र में एसपी कार्यालय के सामने शुक्रवार रात एक दंपती पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. हमले में अनिल गोस्वामी और उनकी पत्नी शांति देवी घायल हो गए. दोनों को इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) में भर्ती कराया गया है.


घायल की भतीजी सुनीता कुमारी के अनुसार, दोनों लिट्टी की दुकान से जुड़े कमरे में सो रहे थे. इसी दौरान एक युवक कथित रूप से गेट तोड़कर अंदर घुसा और दोनों पर चाकू से हमला कर दिया. हमलावर अनिल गोस्वामी का मोबाइल भी अपने साथ ले गया.
परिजनों का कहना है कि लक्खी पूजा के दिन अनिल गोस्वामी के दामाद की एक युवक से कहासुनी हुई थी. हालांकि शुक्रवार रात के हमले का उस विवाद से कोई संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
एसपी कार्यालय और अन्य प्रशासनिक कार्यालयों के आसपास हुई इस वारदात के बाद परिजनों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं. हमलावर की पहचान और घटना के वास्तविक कारण का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा.

