सरायकेला/कांड्रा: मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित सड़क में कथित तकनीकी अनियमितताओं और निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर दर्ज शिकायत के बाद डीडीसी के निर्देश पर सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया गया. इस दौरान सड़क निर्माण में निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुपालन, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और प्राक्कलन के अनुरूप कार्य होने की जांच की गई.


जानकारी के अनुसार, जेएलकेएम के जिला उपाध्यक्ष एवं बाँकीपुर निवासी राहुल देव महतो ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्मित सड़क में कथित गंभीर तकनीकी खामियों एवं गुणवत्ता विहीन निर्माण कार्य को लेकर उप विकास आयुक्त (डीडीसी), सरायकेला-खरसावाँ के समक्ष लिखित परिवाद दाखिल किया था.

शिकायत पर संज्ञान लेते हुए उप विकास आयुक्त ने ज्ञापांक संख्या 331/वि०, दिनांक 16 अक्टूबर 2026 के माध्यम से कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल सरायकेला-खरसावाँ को नियमानुसार निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा की गई कार्रवाई से कार्यालय को अवगत कराने का निर्देश दिया था.
इसी आदेश के आलोक में विभागीय अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान सड़क की मोटाई, निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता, तकनीकी मापदंडों तथा स्वीकृत प्राक्कलन के अनुरूप किए गए कार्यों की पड़ताल की गई.
इस दौरान जेएलकेएम के जिला उपाध्यक्ष राहुल देव महतो एवं प्रखंड अध्यक्ष आस्तिक महतो मुख्य रूप से उपस्थित रहे. उन्होंने अधिकारियों के समक्ष सड़क से जुड़ी स्थानीय समस्याओं को रखते हुए तीन प्रमुख मांगें उठाईं.
पहली मांग सड़क के संवेदनशील एवं कटाव प्रभावित स्थलों पर सुरक्षा की दृष्टि से अविलंब गार्ड वॉल का निर्माण कराने की रही. दूसरी मांग अमलगम कंपनी से सटी सड़क पर आवागमन की सुगमता एवं स्थायित्व के लिए गुणवत्तापूर्ण पक्का निर्माण सुनिश्चित कराने की रखी गई. वहीं तीसरी मांग सड़क पर आवागमन को सुरक्षित एवं सुचारू बनाने के लिए कंपनी के सिक्योरिटी शेड को थोड़ा पीछे हटाकर अन्यत्र स्थानांतरित करने की की गई.
प्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क जैसी आधारभूत सुविधाओं का निर्माण सीधे तौर पर आम जनता के हित से जुड़ा है. सरकारी योजनाओं के कार्यान्वयन में गुणवत्ता और पारदर्शिता सर्वोपरि होनी चाहिए. किसी भी प्रकार की तकनीकी अनियमितता अथवा भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जांच में सामने आने वाली कमियों को दूर कर सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित कराने की मांग की, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित और बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

