जमशेदपुर: एस्पायर मदर्स ग्रुप द्वारा टाटा स्टील फाउंडेशन के सबल केंद्र के सहयोग से आयोजित एक माह लंबे समर कैंप का भव्य समापन किया गया. विशेष बच्चों के लिए आयोजित इस कैंप के समापन अवसर पर प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विश्व पर्यावरण दिवस समारोह का आयोजन किया गया.


समर कैंप के दौरान बच्चों को योग, डांस, जुम्बा और आर्ट एंड क्राफ्ट का प्रशिक्षण दिया गया. इसके अलावा बच्चों ने ब्लॉक प्रिंटिंग, स्टोन पेंटिंग, कैप पेंटिंग, बॉटल आर्ट और सुपर क्ले जैसी रचनात्मक कलाओं का भी प्रशिक्षण प्राप्त किया.

समापन समारोह में लगभग 50 विशेष बच्चों ने योग, जुम्बा, गायन और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. बच्चों द्वारा तैयार किए गए कलात्मक उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे लोगों ने काफी सराहा. प्रदर्शनी में बच्चों के बनाए उत्पादों की खरीदारी भी की गई, जिससे उनका उत्साह और बढ़ा.
कार्यक्रम में सुरभि भटनागर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. वहीं लायंस क्लब और इनर व्हील क्लब के सदस्यों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया. सबल केंद्र के प्रमुख सौमेन साहा, तेनिक सर और कोनिका मैडम ने समर कैंप के प्रशिक्षकों को सम्मानित किया.

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आर्ट प्रशिक्षक माणिक सर ने बच्चों के हाथों की रंगीन छाप एक विशेष फ्लेक्स पर लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. इस अनूठी पहल ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया.
एस्पायर मदर्स ग्रुप की डॉ. निबेदिता ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया. कार्यक्रम में अमृता कुलताज, पुष्पलता, प्रीति सिन्हा, जया, डॉ. निबेदिता सहित कई सदस्य उपस्थित रहे.
यह आयोजन विशेष बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मक क्षमता को समाज के सामने लाने का एक सार्थक प्रयास साबित हुआ. साथ ही इसने यह संदेश भी दिया कि उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर विशेष बच्चे भी अपनी प्रतिभा से समाज में अलग पहचान बना सकते हैं.



