जामताड़ा: जिले के कुंडहित थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबा पंचायत के गड़शिमला स्थित प्राचीन काली मंदिर में अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. चोर मंदिर परिसर से करीब 90 पीतल के घंटे चोरी कर ले गए. चोरी हुए घंटों का कुल वजन लगभग ढाई क्विंटल (250 किलोग्राम) बताया जा रहा है. मंदिर से इतनी बड़ी मात्रा में पीतल के घंटे गायब होने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंचकर घटना की जानकारी लेने लगे.


स्थानीय पुजारियों के अनुसार, गड़शिमला काली मंदिर में हजारों वर्षों से पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान की परंपरा चली आ रही है. मंदिर क्षेत्र के लोगों की गहरी आस्था का केंद्र है. पुजारियों का कहना है कि मंदिर में पहले कभी चोरी की छोटी-मोटी घटना भी सामने नहीं आई थी. ऐसे में एक साथ करीब 90 घंटे चोरी हो जाना लोगों के लिए हैरान करने वाला है.
धार्मिक आस्था पर चोट से ग्रामीणों में नाराजगी
घटना को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी है. लोगों का कहना है कि मंदिर केवल पूजा-पाठ का स्थल नहीं, बल्कि क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है. ऐसे पवित्र स्थान को चोरों द्वारा निशाना बनाया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. ग्रामीणों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर चोर इतनी बड़ी संख्या में भारी-भरकम पीतल के घंटों को मंदिर परिसर से कैसे ले गए और किसी को इसकी भनक तक क्यों नहीं लगी.
पुलिस की कार्रवाई पर टिकी ग्रामीणों की निगाहें
फिलहाल घटना के बाद ग्रामीणों की निगाहें कुंडहित पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं. लोगों ने मामले की गंभीरता से जांच कर चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान करने, उनकी शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी गए घंटों की बरामदगी की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इस बड़ी चोरी की गुत्थी कब तक सुलझा पाती है.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

