सरायकेला: धनतेरस और दीपावली को लेकर सरायकेला- खरसावां के एसपी ने सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के विशेष निर्देश दिए थे, लेकिन शुक्रवार को आदित्यपुर- गम्हरिया की सड़कों पर इसका अपेक्षित असर नजर नहीं आया. टाटा- कांड्रा मुख्य मार्ग पर दोपहर 12 बजे से ही यातायात का दबाव बढ़ने लगा और कई स्थानों पर लंबा जाम लग गया.


पान दुकान चौक से शेरे पंजाब चौक, RIT मोड़, आकाशवाणी चौक और गम्हरिया बाजार तक जगह-जगह वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं. प्रमुख चौक- चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस के जवान मुस्तैद जरूर दिखाई दिए, लेकिन वाहनों के भारी दबाव के बीच यातायात को सुचारू रखने में व्यवस्था प्रभावी साबित नहीं हुई.
पान दुकान से RIT मोड़ तक एक घंटे का सफर
स्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सामान्य दिनों में कुछ मिनट में तय होने वाली पान दुकान से RIT मोड़ तक की दूरी तय करने में शुक्रवार को करीब एक घंटे का समय लगा. जाम में फंसे वाहन रेंगते रहे और धनतेरस की खरीदारी के लिए निकले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

मुख्य सड़क के साथ RIT रोड नंबर-4 में भी स्थिति खराब रही. बाजारों में बढ़ी भीड़ और वाहनों के दबाव के कारण यहां भी यातायात प्रभावित हुआ.
तैनाती दिखी, ट्रैफिक मैनेजमेंट नहीं
धनतेरस पर बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक भीड़ और वाहनों का दबाव पहले से अनुमानित था. इसी को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया था. इसके बावजूद शुक्रवार को सड़क पर बनी स्थिति ने ट्रैफिक प्रबंधन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए.

हालांकि प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी रही, लेकिन सिर्फ तैनाती जाम से राहत दिलाने के लिए पर्याप्त साबित नहीं हुई. अब दीपावली को देखते हुए चुनौती यह होगी कि बढ़ती भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था को किस तरह नियंत्रित किया जाता है, ताकि लोगों को घंटों जाम में न फंसना पड़े.

