सरायकेला: धनतेरस, दीपावली और छठ महापर्व को लेकर सरायकेला- खरसावां एसपी मनोज स्वर्गियारी ने खुद मोर्चा संभाल लिया है. गुरुवार को उन्होंने आदित्यपुर और गम्हरिया के बाजारों के साथ छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.


धनतेरस पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए एसपी ने ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा. बाजार क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाने और नियमित पेट्रोलिंग जारी रखने के निर्देश दिए गए.

एसपी ने कहा कि व्यवसायियों और खरीदारी करने वाले ग्राहकों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा. पुलिस पूरी तरह सतर्क है और त्योहारों के दौरान बाजारों से लेकर संवेदनशील इलाकों तक लगातार निगरानी रखी जाएगी.
छठ घाटों की सुरक्षा भी परखी
एसपी ने छठ घाटों का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को सतर्क रहने का निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में कोताही बरतने वाले पुलिसकर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा.

