राजनगर: दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए राजनगर पुलिस अलर्ट मोड में है. थाना प्रभारी सोनू कुमार ने असामाजिक तत्वों, अवैध कारोबारियों, नशाखोरी करने वालों और चौक-चौराहों पर बेवजह अड्डेबाजी करने वाले युवकों को सख्त चेतावनी दी है.


थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान हुड़दंग, अशांति अथवा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी. तेज रफ्तार से मोटरसाइकिल चलाने, सड़क पर स्टंट करने और आम लोगों को परेशान करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी. नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सोनू कुमार ने कहा कि दीपावली और छठ महत्वपूर्ण पर्व हैं. लोग आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं और ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी की भावना आहत हो अथवा शांति व्यवस्था प्रभावित हो.
उन्होंने अभिभावकों से भी अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें नशाखोरी, तेज रफ्तार बाइक चलाने तथा असामाजिक गतिविधियों से दूर रखने की अपील की.
थाना प्रभारी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा. उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस क्षेत्र में सतर्क रहेगी और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

