खरसावां: पश्चिमी सिंहभूम जिले के खूंटपानी प्रखंड अंतर्गत पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय भोया में बुधवार को आयोजित शिलान्यास समारोह उस वक्त खास बन गया, जब खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने औपचारिक संबोधन से अलग हटकर हो भाषा में गीत गाना शुरू कर दिया.


शिक्षा के महत्व को गीतों के जरिए समझाने के विधायक के अनूठे अंदाज पर विद्यार्थी भी झूम उठे. पूरा विद्यालय परिसर उत्साह से भर गया. मौका था झारखंड शिक्षा परियोजना रांची की ओर से करीब 70 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पांच कमरों के अतिरिक्त विद्यालय भवन के शिलान्यास समारोह का.
देखिए वीडियो
विधायक दशरथ गागराई ने पूजा-अर्चना एवं नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी. इस दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है. ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. विद्यालयों में पर्याप्त कमरे, बेहतर भवन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण मिलता है. इसी उद्देश्य से सरकारी विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है.
हो भाषा के गीतों से दिया शिक्षा और संस्कृति को जोड़ने का संदेश
शिलान्यास समारोह के दौरान विधायक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए हो भाषा में गीत प्रस्तुत किया. गीत के माध्यम से उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. स्थानीय भाषा में विधायक को गीत गाते देख विद्यार्थी उत्साहित हो उठे. विधायक का यह अंदाज कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा. उन्होंने स्थानीय भाषा और संस्कृति के जरिए शिक्षा का संदेश देते हुए विद्यार्थियों से अपनी मातृभाषा एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने की भी अपील की.
ग्रामीण बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं, बेहतर अवसर देने की जरूरत: गागराई
विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे प्रतिभा के मामले में किसी से कम नहीं हैं. जरूरत उन्हें बेहतर शैक्षणिक माहौल और उचित अवसर उपलब्ध कराने की है. पीएम श्री विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पांच कमरों के अतिरिक्त भवन का निर्माण होने से विद्यालय में कक्षाओं के संचालन में सुविधा होगी और विद्यार्थियों को बेहतर पठन-पाठन का वातावरण मिलेगा.
विधायक ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि भवन निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए. उन्होंने शिक्षकों से बच्चों की पढ़ाई के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और सर्वांगीण विकास पर ध्यान देने तथा अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने की अपील की.
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्रामीणों से सड़क, बिजली, पेयजल सहित अन्य बुनियादी समस्याओं की जानकारी भी ली. विद्यालय में अतिरिक्त भवन निर्माण की स्वीकृति मिलने से विद्यालय परिवार एवं स्थानीय ग्रामीणों ने खुशी जताई.
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि अर्जुन उर्फ नायडू गोप, खूंटपानी विधायक प्रतिनिधि दुर्गा चरण पाडिया, प्रखंड अध्यक्ष बबलू गोडसरा, बिरसा तियू, सच्चिदानंद ईचागुटू, सतीश पुरती, डिंबू तियू, शिक्षक अर्जुन पुरती सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.

