सरायकेला: कुचाई प्रखंड मुख्यालय स्थित आत्मा भवन में बुधवार को एनएमईओएस (NMEOS) योजना के तहत 50 किसानों के बीच सरसों बीज का वितरण किया गया. कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि मानसिंह मुंडा, विधायक प्रतिनिधि भरत सिंह मुंडा, जिला परिषद सदस्य जींगी हेंब्रम, प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी, एफआईएसी अध्यक्ष मंगल सिंह मुंडा एवं बीटीएम राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से किसानों को बीज उपलब्ध कराए.


इस अवसर पर अतिथियों ने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया. उन्होंने कहा कि सरसों की खेती किसानों के लिए अतिरिक्त आमदनी का बेहतर माध्यम बन सकती है. धान की कटाई के बाद खाली पड़ी जमीन पर सरसों की खेती कर किसान रबी मौसम में भी अच्छी उपज प्राप्त कर सकते हैं. इससे खेतों का समुचित उपयोग होने के साथ किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी.
बीटीएम राजेश कुमार ने किसानों को सरसों की उन्नत खेती की तकनीकी जानकारी दी. उन्होंने समय पर बुवाई, खेत की तैयारी, बीज उपचार, संतुलित उर्वरक के प्रयोग तथा कीट एवं रोगों से बचाव के उपाय बताए. उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने पर कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है.
जिला परिषद सदस्य जींगी हेंब्रम एवं प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी ने किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की. वहीं सांसद प्रतिनिधि मानसिंह मुंडा और विधायक प्रतिनिधि भरत सिंह मुंडा ने कहा कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कृषि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जरूरी है.
इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य चांदमनी मुंडा, सोनामनी मुंडा, मुखिया लुदरी हेंब्रम, हरिनाथ सोय, रमन मुंडा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं किसान उपस्थित थे.

