जामताड़ा: साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर साइबर ठगी के आरोप में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों के पास से 11 मोबाइल फोन और 15 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं. मंगलवार को साइबर डीएसपी अमित रविदास ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी.


साइबर डीएसपी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था. पुलिस टीम ने पहली कार्रवाई नारायणपुर थाना क्षेत्र के पतरोडीह गांव में सड़क से करीब 200 मीटर पश्चिम स्थित एक झाड़ीनुमा स्थान पर की. यहां से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया. वहीं, दूसरी छापेमारी पबिया से चिरूडीह जाने वाली सड़क पर करीब 100 मीटर दक्षिण क्रशर के समीप परती जमीन पर की गई, जहां से दो अन्य आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़े.
बैंक केवाईसी और क्रेडिट कार्ड के नाम पर बिछाते थे ठगी का जाल
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार साइबर अपराधी पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) और यूको बैंक के ग्राहकों को निशाना बनाते थे. ये लोग बैंक खातों का केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर ग्राहकों से संपर्क करते थे. इसके अलावा पीएनबी का क्रेडिट कार्ड बंद होने और नया क्रेडिट कार्ड जारी कराने का झांसा देकर भी लोगों को अपने जाल में फंसाते थे.
विश्वास में लेने के बाद आरोपित संबंधित ग्राहकों के मोबाइल पर APK फाइल डाउनलोड करवाते थे. इसके माध्यम से क्रेडिट कार्ड और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारियां हासिल कर लेते थे. इसी तरह यूको बैंक के ग्राहकों को भी केवाईसी अपडेट के नाम पर APK फाइल डाउनलोड करवाकर उनकी निजी एवं बैंकिंग जानकारी चुराई जाती थी. इसके बाद इन जानकारियों का इस्तेमाल कर साइबर ठगी की जाती थी. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों का नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था.
नारायणपुर के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं आरोपित
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पतरोडीह गांव निवासी दिलबहार अंसारी (25) और सहबाज अंसारी (23), लोकनियां निवासी वंद्र प्रकाश दास (36) तथा मोहलीडीह निवासी आनंद दास (42) के रूप में हुई है. चारों आरोपित नारायणपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं.
साइबर थाना में कांड संख्या 70/26 दर्ज
इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 70/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) एवं टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
छापेमारी दल में ये थे शामिल
छापेमारी दल में साइबर अपराध थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक कृष्णा कुमार तथा साइबर अपराध थाना के रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे. पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में सक्रिय साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

