जामताड़ा/आसनसोल: दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दो स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है. इन ट्रेनों के परिचालन से हावड़ा, नई दिल्ली और बिहार-झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों के यात्रियों को राहत मिलेगी. खासकर आसनसोल मंडल के पांच प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव होने से यात्रियों को काफी सुविधा होगी.


रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, ट्रेन संख्या 04054 नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल नई दिल्ली से 4, 5, 7, 11 एवं 12 नवंबर को शाम 6:15 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन अगले दिन रात 11:40 बजे हावड़ा पहुंचेगी. इस ट्रेन का परिचालन कुल पांच फेरों में किया जाएगा.
वहीं, ट्रेन संख्या 04053 हावड़ा-नई दिल्ली स्पेशल हावड़ा से 6, 7, 9, 13 एवं 14 नवंबर को रात 1:40 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 8:20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी. यह ट्रेन भी कुल पांच फेरे लगाएगी.
आसनसोल मंडल के पांच स्टेशनों पर ठहराव
विशेष ट्रेनों का ठहराव आसनसोल मंडल के पांच प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है. इनमें दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर एवं जसीडीह स्टेशन शामिल हैं. इन स्टेशनों पर ठहराव होने से पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में सुविधा मिलेगी.
रेलवे के अनुसार, इन विशेष ट्रेनों में सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान एवं वातानुकूलित श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे. त्योहारों के दौरान अतिरिक्त यात्री दबाव को कम करने और यात्रियों को सुगम एवं सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

