कांड्रा: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में चोरी की एक घटना सामने आई है. यहां आनंद मार्ग स्कूल के समीप स्थित एक किराना दुकान के बाहर रखे खाली गैस सिलेंडर की चोरी कर ली गई. घटना 2 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7:30 से 8 बजे के बीच की बताई जा रही है.


इस संबंध में कांड्रा निवासी कंचन देवी, पति आनंद कुमार शाह ने कांड्रा थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है. आवेदन के अनुसार, कंचन देवी आनंद मार्ग स्कूल के बगल में अपनी किराना दुकान शिव आनंद स्टोर का संचालन करती हैं. सोमवार की सुबह दुकान के बाहर रखा खाली गैस सिलेंडर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया.
चोरी की घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. शिकायतकर्ता के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और तस्वीरों की जांच में चोरी की घटना में कथित रूप से शामिल वाहन का नंबर JH05EL0929 स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है.
कंचन देवी ने थाना प्रभारी से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संबंधित वाहन के मालिक एवं घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में कार्रवाई और जांच की आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है. अब देखना होगा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस चोरी की इस घटना का खुलासा कब तक कर पाती है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

