सरायकेला: थाना अंतर्गत छोटा टांगरानी गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. गांव के 18 वर्षीय युवक आकाश हेंब्रम ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सुबह घर की छत की सीमेंट की बल्ली से उसका शव लटका मिलने के बाद परिवार में चीख- पुकार मच गई. घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है.


फिलहाल युवक के इस आत्मघाती कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है.
घटना के संबंध में मृतक के पिता श्याम सुंदर हेंब्रम ने बताया कि रात में परिवार के सभी सदस्यों के साथ खाना खाने के बाद आकाश सोने चला गया था. सुबह जब घर के लोगों की नजर छत की ओर पड़ी तो आकाश सीमेंट की बल्ली से लटका हुआ मिला.
परिजनों ने आनन- फानन में उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
इसके बाद परिजनों ने तत्काल सरायकेला थाना को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.
मृतक के पिता श्याम सुंदर हेंब्रम ने बताया कि घर में किसी तरह का कोई विवाद नहीं हुआ था. न ही आकाश को किसी ने डांटा-फटकारा था. इसके बावजूद उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी परिवार के किसी भी सदस्य को नहीं है। बेटे की अचानक हुई मौत से परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं.
सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
प्रमोद सिंह (संपादक)

