जामताड़ा: जिले में रविवार को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET-2026) कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की सघन जांच की गई. मोबाइल, बेल्ट, घड़ी समेत किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने पर प्रतिबंध रहा. सुरक्षा कर्मियों ने जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया.


इधर, परीक्षा को निष्पक्ष और कदाचारमुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने साइबर सेल एवं सोशल मीडिया निगरानी सेल का गठन किया है. यूट्यूब, व्हाट्सएप, टेलीग्राम समेत अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर फर्जी प्रश्नपत्र, भ्रामक वीडियो और अफवाहों पर कड़ी नजर रखी जा रही है. पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) को भी निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है.
उपायुक्त आलोक कुमार ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की पारदर्शिता से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी. उन्होंने परीक्षार्थियों एवं आम लोगों से अपुष्ट प्रश्नपत्र और भ्रामक सूचनाएं साझा नहीं करने तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

