सरायकेला- खरसावां: कुचाई प्रखंड मुख्यालय स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय में शनिवार को कार्यरत पर्यवेक्षक श्रीमती बेलमती जोंको के सेवानिवृत्त होने पर विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर विभागीय पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके लंबे सेवाकाल और योगदान को याद किया. समारोह में अंचल अधिकारी सह बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) सुषमा सोरेन एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय के प्रधान लिपिक मार्टिन मुर्मू ने श्रीमती बेलमती जोंको को सॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया.


मौके पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी सेवा में सेवानिवृत्ति एक स्वाभाविक प्रक्रिया है, लेकिन लंबे समय तक विभाग को अपनी सेवाएं देने वाले कर्मियों का योगदान हमेशा याद किया जाता है. श्रीमती बेलमती जोंको ने अपने सेवाकाल के दौरान बाल विकास परियोजना के विभिन्न कार्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ किया. उनके अनुभव, सरल व्यवहार और कार्यशैली से विभाग के अन्य कर्मचारियों को भी काफी कुछ सीखने का अवसर मिला.

विदाई समारोह के दौरान सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए गए कार्यकाल के अनुभवों को साझा किया. सभी ने उनके सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यों के माध्यम से विभाग में एक अलग पहचान बनाई है. सहकर्मियों ने उनके स्वस्थ, सुखमय एवं खुशहाल भविष्य की कामना की.
इस अवसर पर अंचल अधिकारी सह सीडीपीओ सुषमा सोरेन ने कहा कि सरकारी सेवा में प्रत्येक कर्मचारी का एक निश्चित कार्यकाल होता है. सेवानिवृत्ति के बाद जीवन की एक नई पारी शुरू होती है. उन्होंने श्रीमती बेलमती जोंको के बेहतर भविष्य और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि विभाग के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा.
वहीं, प्रधान लिपिक मार्टिन मुर्मू ने भी उनके साथ काम करने के अनुभव साझा किए. उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान में लंबे समय तक सेवा देने वाले कर्मियों का योगदान महत्वपूर्ण होता है और उनके अनुभव हमेशा याद किए जाते हैं.
समारोह का माहौल भावुक और आत्मीय रहा. सहकर्मियों ने उन्हें शुभकामनाओं एवं सम्मान के साथ विदाई दी. इस दौरान मुख्य रूप से अंचल अधिकारी सह सीडीपीओ सुषमा सोरेन, प्रधान लिपिक मार्टिन मुर्मू, पर्यवेक्षक श्रीमती सरस्वती माझी, फाल्गुनी साह, मुकेश कुमार, एसके गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविकाएं उपस्थित थीं.
रिपोर्ट: उमाकांत कर

