जामताड़ा: जिले के कुंडहित थाना क्षेत्र के खजूरी पंचायत अंतर्गत श्रींगारपुर गांव में गुरुवार को पुलिस ने अवैध शराब निर्माण के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस इंस्पेक्टर बिहारी मरांडी और कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने गांव से बाहर एक झोपड़ी में चल रहे अवैध शराब निर्माण का खुलासा किया.


छापेमारी के दौरान पुलिस ने शराब बनाने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री को नष्ट कर दिया. मौके पर छह ड्रम में रखा लगभग 600 लीटर जावा महुआ (शराब बनाने के लिए तैयार किया गया किण्वित मिश्रण) नष्ट किया गया. इसके अलावा करीब एक क्विंटल महुआ भी नष्ट कर दिया गया. पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब निर्माण में जुटे लोगों के बीच हड़कंप मच गया.
अवैध कारोबार पर जारी रहेगी कार्रवाई
इस संबंध में कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार छापेमारी की जाएगी. किसी भी सूरत में क्षेत्र में अवैध कारोबार चलने नहीं दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि श्रींगारपुर में शराब निर्माण का काम कौन कर रहा था, इसकी जांच की जा रही है. जांच के बाद संबंधित लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

