जमशेदपुर: टाटा स्टील में कैंटीन व्यवस्था को समावेशी किए जाने के बाद विभिन्न विभागों में स्थायी कर्मचारियों और ठेका मजदूरों के बीच कथित तौर पर उत्पन्न हो रहे तनाव को लेकर पैलेट प्लांट के पूर्व कमेटी मेंबर समरेश सिंह ने चिंता जताई है. उन्होंने टाटा वर्कर्स यूनियन के शीर्ष नेतृत्व से कैंटीन व्यवस्था में जल्द सुधार के लिए पहल करने की मांग की है.



समरेश सिंह ने बयान जारी कर दावा किया कि वर्तमान व्यवस्था में समय रहते सुधार नहीं किया गया तो किसी भी कर्मचारी कैंटीन में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है. उन्होंने यूनियन नेतृत्व से इस विषय को गंभीरता से लेते हुए प्रबंधन के साथ बातचीत करने की मांग की.
उन्होंने कहा कि यदि कैंटीन व्यवस्था का समाधान संभव नहीं होता है तो टाटा कमिंस के स्थायी कर्मचारियों की तर्ज पर टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए भी प्रतिमाह तीन से चार हजार रुपये फूड अलाउंस देने पर विचार किया जाना चाहिए.
हालांकि कैंटीन व्यवस्था और कर्मचारियों के बीच तनाव को लेकर लगाए गए दावों पर टाटा स्टील प्रबंधन या टाटा वर्कर्स यूनियन का पक्ष सामने नहीं आया है.

